
रांची: झारखंड के पलामू और सरायकेला-खरसावां जिले में हत्या की दो अलग-अलग वारदातों से सनसनी फैल गई है. पलामू में अंधविश्वास और जादू-टोने के शक में दो भाइयों ने मिलकर एक बुजुर्ग को धारदार हथियार से मौत के घाट उतार दिया. वहीं दूसरी तरफ सरायकेला में मामूली घरेलू कलह के चलते एक कलयुगी बेटे ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर अपने ही पिता की जान ले ली. दोनों ही मामलों में वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
भाई की मौत का जिम्मेदार बताकर बुजुर्ग को मार डाला
पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के मंगराडीह गांव में बुधवार को अंधविश्वास का खौफनाक चेहरा देखने को मिला. यहां 60 वर्षीय सीताराम की दिनदहाड़े धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई. नौडीहा बाजार के थाना प्रभारी नीरज कुमार के मुताबिक मृतक सीताराम मूल रूप से बिश्रामपुर के कौरिया गांव के रहने वाले थे और पिछले 40 साल से मंगराडीह में अपनी ससुराल में रह रहे थे.
पुलिस ने बताया कि गांव के रहने वाले दो सगे भाइयों प्रमोद और सोनू के भाई की मंगलवार रात रांची के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी. दोनों भाइयों को शक था कि उनके भाई की मौत सीताराम द्वारा किए गए जादू-टोने की वजह से हुई है. इसी रंजिश में दोनों ने सीताराम पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने शव को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) भेज दिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है.
विसर्जन से लौटे बेटे ने पिता पर कर दिया जानलेवा हमला
दूसरी वारदात सरायकेला-खरसावां जिले के धातकीडीह गांव की है. सिनी पुलिस चौकी प्रभारी गौरव कुमार के मुताबिक 58 वर्षीय अशोक नायक की उनके बेटे अर्जुन नायक ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी. जांच में सामने आया है कि आरोपी अर्जुन सोमवार रात मनसा देवी की प्रतिमा विसर्जन से लौटकर घर आया था. घर पहुंचते ही किसी मामूली घरेलू बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी शुरू हो गई जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई.
चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण, मौके पर तोड़ा दम
पुलिस के अनुसार, पिता और बेटे के बीच पहले भी छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होता रहता था. सोमवार रात गुस्से में आकर अर्जुन ने पहले अपने पिता को डंडे से बुरी तरह पीटा और फिर धारदार हथियार से उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। अशोक की चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक वह खून से लथपथ होकर दम तोड़ चुके थे. ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. वारदात के बाद आरोपी बेटा फरार हो गया जिसकी धरपकड़ के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है.



