एक शख्स अस्पताल में वार्ड बॉय की नौकरी करता था. लेकिन कुछ दिनों बाद वह डॉक्टर बनकर लोगों का इलाज करने लगा. न उसके पास MBBS की डिग्री थी और न MD की, लेकिन कुछ लाख रुपये खर्च कर उसने दोनों डिग्रियां हासिल कर लीं. फिर दिल्ली मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन कराया और सफदरजंग जैसे बड़े अस्पताल में जूनियर रेजिडेंट बन गया. इतना ही नहीं, वह दूसरे अस्पतालों में सोनोग्राफी भी करने लगा. आखिर 11वीं पास यह शख्स फर्जी डिग्रियों के सहारे डॉक्टर कैसे बना? आइए बताते हैं पूरी कहानी.

इस मामले का मुख्य आरोपी रामकिशोर महावर है. जांच में उसकी पढ़ाई सिर्फ 11वीं तक मिली है. साल 2016 से 2022 के बीच उसने राजस्थान के दौसा के एक निजी नर्सिंग होम में काम किया. इसके बाद बालोतरा के अस्पताल में डॉक्टर के सहायक के तौर पर नौकरी की. यहां उसका काम अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट टाइप करना था. फिर वह बयाना के एक अस्पताल में गायनेकोलॉजिस्ट के साथ काम करने लगा.

अस्पतालों में काम करने के दौरान उसे मेडिकल क्षेत्र की गतिविधियों की जानकारी मिली. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। इसी बीच उसकी मुलाकात ऐसे व्यक्ति से हुई, जिसने उसे बिना मेडिकल की पढ़ाई किए डॉक्टर बनने का रास्ता बताया. आरोप है कि रामकिशोर ने मोबाइल में मौजूद एक मेडिकल डिग्री की PDF में नाम बदलकर अपने लिए फर्जी MBBS प्रमाणपत्र तैयार कर लिया. इसके सहारे उसने राजस्थान मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन कराया और दौसा के एक निजी अस्पताल में डॉक्टर के तौर पर काम भी किया.

फेसबुक विज्ञापन देखकर खरीदी MBBS और MD की डिग्री

रामकिशोर ने अगस्त 2024 से अप्रैल 2025 के बीच दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में नर्सिंग असिस्टेंट और वार्ड बॉय के रूप में काम किया था. इसी दौरान फेसबुक पर उसकी नजर बैकडेट में डिग्रियां उपलब्ध कराने वाले विज्ञापन पर पड़ी. उसने उत्तर प्रदेश में बैठे एक व्यक्ति से संपर्क किया.

SOG के अनुसार, 12वीं, MBBS और MD गायनेकोलॉजी की डिग्रियां उपलब्ध कराने के लिए करीब साढ़े छह लाख रुपये की बात हुई. रामकिशोर ने लगभग साढ़े पांच लाख रुपये बताए गए बैंक खाते में जमा कराए. इसके बाद उसे तमिलनाडु बोर्ड और सिक्किम मणिपाल मेडिकल यूनिवर्सिटी के नाम वाले प्रमाणपत्र कोरियर से भेज दिए गए.

इन कागजात के आधार पर उसने दिल्ली मेडिकल काउंसिल से रजिस्ट्रेशन नंबर 33624 हासिल कर लिया. जून 2025 में उसे सफदरजंग अस्पताल में कॉन्ट्रैक्ट पर जूनियर रेजिडेंट की नौकरी मिल गई.

फेक डिग्री हासिल कर शुरू कर दी सोनोग्राफी

डॉक्टर बनने के बाद भी उसका फर्जीवाड़ा यहीं नहीं रुका. उसने DMRD यानी मेडिकल रेडियो डायग्नोसिस से जुड़ी डिग्री हासिल करने के लिए भी संपर्क किया. आरोप है कि करीब साढ़े पांच लाख रुपये में महाराष्ट्र के एक विश्वविद्यालय के नाम से प्रमाणपत्र तैयार कराया गया. इसे दिल्ली मेडिकल काउंसिल के पुराने रजिस्ट्रेशन में भी जुड़वा लिया गया.

इसके बाद वह दिल्ली के अलगअलग अस्पतालों में ऑनकॉल सोनोग्राफी करने लगा. सरकारी मेडिकल कॉलेज मिराज के नाम से भी DMRD के फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण के लिए करीब 8.50 लाख रुपये देने की जानकारी जांच में सामने आई है.

SOG की जांच में पता चला कि यह कारोबार कुछ लोगों के जरिए कई राज्यों में चल रहा था. गिरोह सोशल मीडिया विज्ञापनों और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ग्राहक जुटाता था. फिर 10वीं, 12वीं, ग्रेजुएशन से लेकर MBBS, MD, MS, BAMS और इंजीनियरिंग तक के प्रमाणपत्र उपलब्ध कराए जाते थे.

पश्चिम बंगाल का सत्यजीत पाणिग्रही ग्राहकों से संपर्क और पैसों का सौदा करता था. मध्यप्रदेश का मनीष मांझी फर्जी मार्कशीट और डिग्रियां तैयार करवाता था, जबकि उत्तर प्रदेश का खुर्रम तौफीक इन दस्तावेजों को विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर अपलोड कराने का काम करता था.

40 विश्वविद्यालयों के नाम जांच के दायरे में

पुलिस को अब तक करीब 30 से 40 विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के नाम से फर्जी प्रमाणपत्र तैयार कराने के सुराग मिले हैं. इनमें मैसूर, आंध्र, अन्ना, काकतीय, सौराष्ट्र और महाराष्ट्र यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज जैसे संस्थान शामिल हैं.

SOG ने रामकिशोर महावर समेत सत्यजीत पाणिग्रही, मनीष मांझी और खुर्रम तौफीक को गिरफ्तार किया है. अब जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि फर्जी डिग्रियां विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर कैसे दर्ज हुईं और उनके आधार पर मेडिकल काउंसिल से रजिस्ट्रेशन कैसे मिल गया. पुलिस अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है.