Mamata Banerjee FIR: रोड ब्लॉक कर रैली करना ममता बनर्जी को पड़ा भारी, कोलकाता पुलिस ने उठाया बड़ा कदम; बंगाल से दिल्ली तक मचा हड़कंप

Mamata Banerjee FIR: कोलकाता पुलिस ने बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) के खिलाफ खुद से संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है. उन पर शुक्रवार को कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस की छात्र शाखा की रैली के दौरान कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश का उल्लंघन करने का आरोप है. कलकत्ता हाईकोर्ट ने ममता बनर्जी को राज्य की राजधानी में कैथेड्रल रोड पर 28 अगस्त को तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद का स्थापना दिवस मनाने की इजाजत दी थी, लेकिन साथ ही यह निर्देश भी दिया था कि सड़क का एक हिस्सा खुला रखा जाए.

इस मामले पर पुलिस का बयान सामने आया है. जिसमें उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि एक तरफ का रास्ता खुला नहीं रखा गया था, इसलिए आदेश के उस हिस्से का उल्लंघन हुआ. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। पुलिस ने यह भी कहा कि हाईकोर्ट ने कार्यक्रम के लिए जो समय-सीमा तय की थी, उससे ज्यादा समय तक कार्यक्रम चला.

अधिकारी ने क्या कहा?

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, एक अधिकारी ने बताया कि बनर्जी और TMCP की बैठक के आयोजकों के खिलाफ हेस्टिंग्स पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है. इसके अलावा, अधिकारी ने आगे कहा कि कोर्ट के आदेश के कथित उल्लंघन के लिए एफआईआर दर्ज की गई है. जांच के दौरान उल्लंघन में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जाएगी.

ममता बनर्जी ने रैली में क्या कहा?

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को दावा किया कि उनके कार्यकाल में पुलिस का मानवीय चेहरा था, लेकिन बीजेपी ने इस पुलिस फोर्स को एक ‘खूंखार संस्था’ में बदल दिया है. कोलकाता में टीएमसी के छात्र विंग की एक रैली को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा कि वह अपने समर्थकों पर हो रहे ‘पुलिस अत्याचार’ को रोकेंगी और रक्षाबंधन पर उन्होंने यही संकल्प लिया है. इसके अलावा, उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी बंगाल में बांटने वाली राजनीति कर रही है और लोगों के बीच डर फैलाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रही है.

बीजेपी पर साधा निशाना

टीएमसी प्रमुख ने कहा कि वह जल्द ही राज्य का दौरा शुरू करेंगी और अगर उनकी जनसभाओं की इजाजत नहीं मिली तो वह सड़कों पर उतरेंगी. राज्य के अलग-अलग हिस्सों में पार्टी नेताओं पर हुए कथित हमलों को लेकर सत्ताधारी बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मैं देखूंगी कि उनके पास कितने अंडे और ईंटें जमा हैं. बनर्जी ने कहा कि जब भी प्रशासन रैलियों की इजाजत देने से मना करता है तो वह इजाजत मांगकर कोर्ट का समय बर्बाद नहीं करना चाहतीं. उन्होंने कहा कि अब से हम अपनी पसंद की जगहों पर सभाएं करने के लिए लोगों की मंजूरी लेंगे.