हिमाचल से आ रहा व्यक्ति कार में मृत मिला, नाक से बह रहा था खून; लॉक मिली गाड़ी!


मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में पालमपुर के व्यक्ति की संदिग्ध हालात में मौत हुई है। उपमंडल पद्धर के सालगी क्षेत्र में व्यक्ति कार के अंदर मृत मिला है। व्यक्ति दो दिन पहले मनाली से अपने घर के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में ही संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। 54 वर्षीय लोहरी राम पुत्र स्वर्गीय टेहंकु राम, निवासी गांव कण्डगवाल टिक्कर, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा का निवासी था। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। संबंधित वाहन भी मृतक के नाम पर ही पंजीकृत पाया गया है।

पुलिस को मिली सूचना
पुलिस चौकी कमांद से सूचना मिली कि सालगी मोड़ के पास खड़ी एक कार में व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना पद्धर की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच के लिए आरएफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल पर साक्ष्य एकत्रित किए।

नाक बह रहा था खून
कार एचपी 01 डी 6868 के दरवाजे स्थानीय मैकेनिक की सहायता से खोले गए। जांच के दौरान चालक सीट पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पाया गया। उसके नाक से खून निकला हुआ था और शव में सड़न शुरू हो चुकी थी। हालांकि प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार के चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए हैं।

मनाली से आ रहे थे घर
स्वजन के मुताबिक लोहरी राम 16 अप्रैल को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे मनाली से घर के लिए निकले थे और सालगी क्षेत्र में गाड़ी में ही रुक गए, जहां उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल मंडी पहुंचाया, जहां से इसे लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक भेजा गया।

क्या कहते हैं डीएसपी
डीएसपी लोकेंद्र नेगी ने बताया कि पुलिस मामने की जांच कर रही है। स्वजन ने मौत को लेकर किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *