इंदौर बैतूल नेशनल हाईवे पर टीआई दिलीप पुरी गोस्वामी को ट्रक से कुचलकर मारने के आरोपी शराब माफिया मोहिन जायसवाल की मौत हो गई है. रविवार को अहमदाबाद में उसे ब्रेन स्ट्रोक आया था. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मोहिन की तलाश टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड की जांच के लिए गठित एसआईटी कर रही थी. मोहिन की मौत की सूचना पर एसआईटी ने अस्पताल पहुंचकर छानबीन की है.

देवास के खातेगांव थाना क्षेत्र में 1 नवंबर की रात टीआई दिलीप पुरी गोस्वामी ने अवैध शराब से भरे मिनी ट्रक को रोकने की कोशिश की थी. इस दौरान शराब माफिया ने उन्हें कुचल दिया और ट्रक लेकर फरार हो गए. हालांकि कुछ दूर आगे जाकर बदमाश ट्रक छोड़ दिया था. इस घटना के बाद हड़कंप मच गया. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। आनन फानन में मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया गया.
दो दिन से बीमार था मोहिन
कन्नौद एसडीओपी और एसआईटी में शामिल आदित्य तिवारी के मुताबिक शराब माफिया मोहिन जायसवाल दो दिन से बीमार था. एसआईटी की टीम अहमदाबाद में उसके ऊपर नजर रख रही थी. इसी बीच रविवार को उसकी तबियत बिगड़ी और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके मौत की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि इस संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है.
पहले ही पकड़ा गया ड्राइवर
एसआईटी ने ट्रक के ड्राइवर गजेंद्र उर्फ अक्कू व सहयोगी धीरज को पहले ही अरेस्ट कर लिया है. हालांकि अरेस्टिंग के दौरान दोनों ने भागने की कोशिश की. ऐसे में पुलिस ने इनकी टांग में गोली मारकर दोबारा अरेस्ट किया. पूछताछ में इन्होंने ही शराब माफिया मोहिन का नाम लिया है. बताया जा रहा है कि शराब के ठेके में मोहिन 30% का हिस्सेदार था.



