उत्तर प्रदेश के कन्नौज में बीजेपी विधायक अर्चना पांडेय के भतीजे अनुज चतुर्वेदी की हत्या का मामला उलझता नजर आ रहा है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक वारदात के बाद हत्यारोपी अमोल दीक्षित ने सरेंडर कर दिया. हालांकि पुलिस आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं कर रही. उधर, बीजेपी विधायक अर्चना पांडेय का कहना है कि अब तक आरोपी अरेस्ट नहीं हुआ.

पेशे से वकील अनुज चतुर्वेदी को दिवाली की देर शाम कन्नौज के छिबरामऊ कोतवाली से महज चंद कदमों की दूरी पर सरेराह गोली मारी गई थी. इस वारदात में उन्हें चार गोलियां लगीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी. पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी अमोल दीक्षित कांग्रेस पार्टी का नेता है. उसकी अनुज चतुर्वेदी से साल 2022 के विधानसभा चुनावों के दौरान से ही रंजिश चली आ रही है. पुलिस का दावा है कि आरोपी की तलाश में दबिश लगातार जारी है.

अनुज के मर्डर को बताया व्यक्तिगत क्षति

विधायक अर्चना पांडेय ने वकील अनुज चतुर्वेदी की हत्या को बेहद गंभीर और व्यक्तिगत क्षति बताया है. उन्होंने कहा कि अनुज उनका अपना भतीजा था. बीजेपी के शासन में सरेराह उसकी हत्या हो गई और अभी तक आरोपी अरेस्ट नहीं हो पाया है. उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में यह बहुत ही दुःसाहस भरी घटना है. उन्होंने पुलिस और प्रशासन से उम्मीद जताई कि जल्द ही हत्यारोपी की गिरफ्तारी होगी और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी होगी.

वारदात की वजह पर फंसा पेंच

अनुज चतुर्वेदी हत्या कांड की गुत्थी अभी तक उलझी हुई है. अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि उन्हें गोली क्यों मारी गई. बताया जा रहा है कि 2022 के चुनावों में हत्यारोपी अमोल दीक्षित भी चुनाव लड़ा था. इस चुनाव में उसकी अनुज चतुर्वेदी के साथ झड़प हुई थी. आशंका जताई जा रही है कि इस रंजिश में अनुज की हत्या हुई है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि अनुज घटना स्थल पर हो रहे एक झगड़े में बीच बचाव करने पहुंचे थे. इसी दौरान आरोपी ने उनके ऊपर फायर खोल दिया.