Featured Image

ग्वालियर |06 अक्टूबर 2026| मध्यप्रदेश के ग्वालियर के हजीरा इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहाँ सिर्फ मोमोज कम मिलने की बात कहने पर एक ठेले वाले ने 18 साल के छात्र के ऊपर कढ़ाई का खौलता हुआ तेल फेंक दिया। इस हमले में छात्र का चेहरा और कान गंभीर रूप से झुलस गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ठेला छोड़कर मौके से भाग निकला, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

जिम जाते वक्त मोमोज खाने रुका था छात्र

मिली जानकारी के अनुसार, घटना पुरानी रेशम मिल चौराहे की है। न्यू रेशम मिल इलाके का रहने वाला 18 साल का शिवा भदौरिया अपने दो दोस्तों गोलू खान और विकास राजपूत के साथ जिम जा रहा था। रास्ते में तीनों चौराहे पर अंकित नाम के व्यक्ति के मोमोज के ठेले पर रुके। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। शिवा ने 20 रुपये के मोमोज का ऑर्डर दिया, लेकिन प्लेट में मोमोज की गिनती कम दिखने पर उसने ठेले वाले से इसकी शिकायत कर दी।

शिकायत करने पर कहासुनी और धक्का-मुक्की

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मोमोज कम होने की छोटी सी बात पर ठेले वाले अंकित और शिवा के बीच बहस होने लगी। आरोप है कि अंकित ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब शिवा ने इस अभद्रता का विरोध किया, तो मामला और बिगड़ गया। बहस के दौरान अंकित ने पहले शिवा को धक्का दिया और फिर गुस्से में आकर कढ़ाई में से गर्म तेल उठाकर सीधे शिवा के ऊपर फेंक दिया।

मौके पर मची अफरा-तफरी, आरोपी फरार

अचानक हुए इस हमले से चौराहे पर हड़कंप मच गया। खौलते तेल की चपेट में आने से शिवा दर्द से तड़पने लगा, जिससे उसका चेहरा और कान झुलस गए। जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा होती देख आरोपी अंकित अपना ठेला छोड़कर वहां से भाग खड़ा हुआ। दोस्तों और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी और घायल छात्र को इलाज के लिए भिजवाया।

पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही हजीरा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की पड़ताल शुरू की। पुलिस का कहना है कि पीड़ित छात्र की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपी ठेले वाले की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। महज 20 रुपये के मोमोज को लेकर हुआ यह विवाद अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।