News Just Abhi Kanpur DM Unique Initiative: उत्तर प्रदेश की औद्योगिक नगरी कानपुर अब अपनी पारंपरिक कला और आधुनिक तकनीक के अनूठे संगम के लिए चर्चा में है. गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कानपुर दौरे के दौरान जिला प्रशासन ने उन्हें एक बेहद विशेष उपहार भेंट किया. कानपुर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री को बिठूर की मिट्टी से बनी और आईआईटी कानपुर की तकनीक से निखरी एक बेहद आकर्षक ‘गुल्लक’ भेंट की.

यह गुल्लक केवल एक उपहार नहीं, बल्कि स्थानीय रोजगार और इनोवेशन का एक बड़ा प्रतीक बनकर उभरी है. इस सराहनीय पहल के पीछे आईआईटी कानपुर के ‘रणजीत सिंह रोजी शिक्षा केंद्र’ का विजन और बिठूर के स्थानीय कुम्हारों की कड़ी मेहनत है. संस्थान के विशेषज्ञ बिठूर की पारंपरिक माटी कला को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए काम कर रहे हैं. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। पारंपरिक और साधारण दिखने वाली मिट्टी की गुल्लकों को अब एक नया और आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है.
आकर्षित करने वाली गुल्लक
बच्चों को आकर्षित करने के लिए इन्हें विभिन्न कार्टून किरदारों, पशुपक्षियों और समकालीन डिजाइनों में ढाला जा रहा है. साथ ही, इन पर बेहतरीन और सुरक्षित रंगों का उपयोग किया जा रहा है. आईआईटी कानपुर के विशेषज्ञ स्थानीय कुम्हारों को सिर्फ डिजाइन ही नहीं, बल्कि आधुनिक निर्माण तकनीकों, उत्पादों की मजबूती और सुरक्षित पैकेजिंग का भी प्रशिक्षण दे रहे हैं, ताकि ये उत्पाद बिना टूटे दूरदराज के बाजारों तक पहुंच सकें.
CM योगी को भेंट किया गया अनोखा उपहार
इस पहल का एक मुख्य सामाजिक उद्देश्य बच्चों में बचपन से ही अपनी संस्कृति से जुड़कर बचत करने की आदत को प्रोत्साहित करना है. सीएम के दौरे के दौरान डीएम द्वारा यही गुल्लक भेंट की गई. इस अनोखे उपहार को देखकर सीएम योगी भी मुस्कुराए बिना नहीं रह पाए. उन्होंने डीएम से कहा कि वाकई यह अच्छी पहल है और इसको और ज्यादा बढ़ावा मिलना चाहिए. डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सीएम के लिए यह उपहार कला, संस्कृति और आधुनिकता का संगम है.
अब बुके से नहीं होगा स्वागत
गुल्लक सदियों से हमारे घरों की पहचान रही है, इसमें ऐतिहासिक बिठूर की मिट्टी का प्रयोग किया गया है और आईआईटी कानपुर जैसी संस्था में इसको बनाया गया है. इसके अलावा, बिठूर के कुम्हारों के इस हुनर को बड़े पैमाने पर बाजार देने और प्लास्टिक कचरे को कम करने के लिए कानपुर जिला प्रशासन ने एक अनुकरणीय फैसला लिया है. डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार, अब जिले के सभी सरकारी कार्यक्रमों में मुख्य अतिथियों का स्वागत बुके या प्लास्टिक के स्मृति चिन्ह देकर नहीं, बल्कि बिठूर की मिट्टी से बनी इन्हीं खूबसूरत गुल्लकों को भेंट करके किया जाएगा.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रशासन और आईआईटी कानपुर के इस अभिनव प्रयास की सराहना की है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह ‘कानपुर मॉडल’ प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणा बनेगा.