पिता चलाते हैं हार्डवेयर की दुकान, बेटे शुभम ने JEE Main 2026 में झंडे गाड़ दिए; 100 परसेंटाइल किए हासिल!


JEE Main 2026 Topper Shubham Kumar: नॅशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने JEE Main 2026 सेशन 2 का रिजल्ट जारी कर दिया है. इसमें बिहार के शुभम कुमार ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. शुभम देश भर के उन 26 छात्रों में शामिल हैं, जिन्होंने 100 परसेंटाइल स्कोर किया है. लेकिन सबसे खास बात तो ये है कि शुभम ने सेशन 1 और सेशन 2 दोनों में ही 100 परसेंटाइल हासिल किए हैं और ऐसा करने वाले वो बिहार के इकलौते छात्र हैं. उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है.

हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं पिता
शुभम कुमार बिहार के गया (गयाजी) जिले के नादरागंज के रहने वाले हैं. एक साधारण परिवार से आने वाले शुभम के पिता शिवकुमार एक हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं और मां कंचन देवी एक गृहिणी हैं. पढ़ाई के प्रति शुभम का जुनून बचपन से ही था. उनकी बड़ी बहन प्रिया कुमारी फिलहाल IIT पटना से बीटेक कर रही हैं, जिनसे शुभम को काफी प्रेरणा मिली. शुभम ने गया के नजरथ अकैडमी से 10वीं और ब्रिटिश इंग्लिश स्कूल से 12वीं पास की है. मैट्रिक तक शुभम ने किसी भी तरह की ट्यूशन का सहारा नहीं लिया और खुद की मेहनत से सफलता पाई. 12वीं के बाद इंजीनियरिंग के अपने सपने को पूरा करने के लिए वे राजस्थान के कोटा चले गए, जहां उन्होंने JEE की तैयारी की.

शुभम का अगला लक्ष्य JEE Advanced
देश के कठिनतम परीक्षाओं में से एक में टॉप करने के बाद, शुभम का अगला लक्ष्य JEE Advanced है. वह IIT बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस (CSE) में बीटेक करना चाहते हैं. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। बता दें कि IIT बॉम्बे का कंप्यूटर साइंस विभाग हमेशा से टॉपर्स की पहली पसंद रहा है, और शुभम भी इसी प्रतिष्ठित संस्थान का हिस्सा बनकर अपना और अपने राज्य का नाम रोशन करना चाहते हैं.

सीएम सम्राट चौधरी ने दी बधाई
सीएम सम्राट चौधरी ने भी शुभम कुमार को बधाई दी है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘युवा प्रतिभा ने बढ़ाया बिहार का मान. गयाजी जिले के शुभम कुमार द्वारा जेईई मेन 2026 में राज्य में शीर्ष स्थान प्राप्त करना पूरे बिहार के लिए गर्व का क्षण है. उनकी यह उपलब्धि समर्पण, कठोर परिश्रम और उत्कृष्टता का प्रतीक है. शुभम कुमार सहित सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं. आप सभी की यह सफलता नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है, आप यूं ही प्रदेश और राष्ट्र का नाम रोशन करते रहें.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *