
स्पेन की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार 21 जीत दर्ज कर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है। फिनलैंड को आठ विकेट से हराकर स्पेन ने यह खास उपलब्धि हासिल की।
यह मुकाबला 2028 टी20 विश्व कप के लिए यूरोप उपक्षेत्रीय क्वालीफायर सी में स्पेन का पहला मैच था। फिनलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 131 रन का लक्ष्य दिया था। स्पेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केवल दो विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया और लगातार जीत का सिलसिला 21 मुकाबलों तक पहुंचा दिया।
मौजूद जानकारी के अनुसार, स्पेन की यह लगातार 21वीं टी20 अंतरराष्ट्रीय जीत है। उसका यह सिलसिला फरवरी 2023 में आइल ऑफ मैन के खिलाफ जीत से शुरू हुआ था। इसके बाद टीम ने जर्सी, क्रोएशिया, चेक गणराज्य, ग्रीस और फिनलैंड जैसी यूरोपीय टीमों को लगातार हराया है। साल 2025 का अंत भी स्पेन ने लगातार 20 जीत के साथ किया था और 2026 में अपने पहले ही आधिकारिक मुकाबले में जीत दर्ज कर नया रिकॉर्ड बना दिया।
गौरतलब है कि इससे पहले पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार सबसे ज्यादा जीत का रिकॉर्ड भी स्पेन के ही नाम था। हालांकि अब उसने अपनी उपलब्धि को और आगे बढ़ा दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने 200304 के दौरान लगातार 20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले जीते थे। रिकी पोंटिंग की कप्तानी वाली उस टीम ने 2003 विश्व कप तक लगातार 17 एकदिवसीय मुकाबले जीते थे और इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों में भी जीत हासिल की थी।
स्पेन की क्रिकेट यात्रा को देखें तो यह टीम कुछ साल पहले तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ज्यादा चर्चा में नहीं थी। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। स्पेन को 1992 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की संबद्ध सदस्यता मिली थी और 2017 में उसे सहयोगी सदस्य का दर्जा मिला। 2019 में टी20 अंतरराष्ट्रीय दर्जा मिलने के बाद से उसने 50 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 41 में जीत मिली और केवल आठ में हार का सामना करना पड़ा है।
बता दें कि स्पेन में क्रिकेट का इतिहास भी काफी पुराना है। देश में 1809 तक क्रिकेट मुकाबले खेले जाने के प्रमाण मिलते हैं। बार्सिलोना और मैड्रिड जैसे फुटबॉल के लिए मशहूर शहरों में 1980 के दशक से क्रिकेट क्लब भी सक्रिय रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की लंबे समय से चल रही विकास योजनाओं ने भी स्पेन में इस खेल को आगे बढ़ाने में मदद की है।
स्पेन की इस उपलब्धि को एक और बड़ी सफलता उसी समय मिली है। देश की राष्ट्रीय खेल परिषद ने क्रिकेट को आधिकारिक रूप से मान्यता दे दी है। ऐसे में लगातार 21 जीत का रिकॉर्ड और खेल को मिली सरकारी मान्यता स्पेन में क्रिकेट के भविष्य के लिए काफी अहम मानी जा रही है।



