Featured Image

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा से इश्क और साजिश का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को भी हैरत में डाल दिया है। यहां जगदीशपुरा थाना क्षेत्र के बोदला इलाके में एक युवक ने अपनी प्रेमिका के साथ भागने के लिए उसके 4 साल के मासूम भतीजे को ही किडनैप कर लिया। इस मामले में प्रेमी के रास्ते में सबसे बड़ी अड़चन महिला पर मौजूद दो बच्चों की जिम्मेदारी थी।

इसी जिम्मेदारी को खत्म करने के लिए आरोपी ने छोटे भतीजे को अगवा किया और उसे मलपुरा इलाके के सुनसान जंगल में ले जाकर छोड़ आया। हालांकि 4 साल के मासूम की हिम्मत और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज ने आरोपी के पूरे खेल पर पानी फेर दिया। जानें आखिर यह खौफनाक प्लान कैसे बना था और अब पुलिस बच्चे की चाची से पूछताछ क्यों करने जा रही है।

चौकी पर भतीजे के लापता होने की शिकायत लेकर पहुंची थी ताई

एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार शाम को रिजवाना नाम की एक महिला बोदला चौकी पर पहुंची थी। उसने पुलिस को सूचना दी कि उसका चार साल का भतीजा अचानक लापता हो गया है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी देवरानी ने देवर को छोड़ दिया था। देवर के दो छोटे बेटे हैं जिनमें बड़ा बेटा पांच साल का और छोटा चार साल का है।

रिजवाना के मुताबिक उसकी अपनी कोई संतान नहीं है इसलिए दोनों भतीजे उसी के साथ रहते हैं और वही उनकी परवरिश की जिम्मेदारी उठा रही है। चार साल के मासूम के गायब होने की खबर मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए।

सीसीटीवी में बच्चे को ले जाते दिखा साबिर, जंगल से सड़क पर आ गया मासूम

पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो कैमरे में एक युवक उस चार साल के बच्चे को अपने साथ ले जाते हुए साफ दिखाई दिया। छानबीन करने पर आरोपी की पहचान राहुल नगर, बोदला निवासी साबिर के तौर पर हुई। पुलिस ने तुरंत दबिश देकर साबिर को दबोच लिया। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। पूछताछ में साबिर ने कबूल किया कि वह बच्चे को मलपुरा क्षेत्र के जंगल में छोड़कर आया है।

गनीमत यह रही कि आरोपी ने बच्चे की जान को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया था। उधर चार साल का वह मासूम जंगल के अंदर से खुद ही पैदल चलते हुए किसी तरह सड़क तक बाहर निकल आया था। वहां मलपुरा थाना पुलिस को बच्चा मिल गया और पुलिस उसके घरवालों की तलाश कर ही रही थी कि जगदीशपुरा पुलिस आरोपी साबिर को लेकर वहां पहुंच गई। इसके बाद मलपुरा पुलिस ने बच्चे को सकुशल बोदला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

छोटे के बाद बड़े भतीजे को भी गायब करने की थी खौफनाक साजिश

बच्चे के सुरक्षित मिल जाने के बाद जब पुलिस ने आरोपी साबिर से इस वारदात के पीछे का मकसद पूछा तो उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक साबिर ने बताया कि वह बच्चे की बच्चों की ताई रिजवाना से प्यार करता है और उसके साथ घर छोड़कर भागना चाहता था।

जब भी भागने की बात होती तो रिजवाना यह कह देती थी कि उसके सिर पर इन दोनों बच्चों की जिम्मेदारी है। इसी बात के चलते साबिर ने दोनों बच्चों को एक-एक कर गायब करने का खतरनाक प्लान तैयार किया। योजना के तहत उसने पहले मौका देखकर चार साल के छोटे भतीजे को उठा लिया और जंगल में छोड़ आया। उसका इरादा था कि जब यह मामला थोड़ा ठंडा पड़ जाएगा, तो वह पांच साल के बड़े लड़के को भी इसी तरह गायब कर देगा ताकि रिजवाना पर कोई जिम्मेदारी न बचे।

क्या ताई को पहले से पता था प्लान? पुलिस करेगी पूछताछ

आरोपी साबिर की यह पूरी कहानी सुनने के बाद अब पुलिस का शक बच्चे की ताई रिजवाना की तरफ भी गहरा गया है। पुलिस को आशंका है कि रिजवाना को इस अपहरण की साजिश की जानकारी पहले से हो सकती है। फिलहाल पुलिस ने दर्ज मुकदमे में साबिर को मुख्य आरोपी बनाते हुए शुक्रवार को जेल भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में अब रिजवाना से भी गहन पूछताछ की जाएगी। अगर जांच में यह सामने आता है कि उसे इस घटना की पहले से जानकारी थी या उसकी सहमति शामिल थी।

गौरतलब है कि कुछ समय पहले फिरोजाबाद में भी ठीक ऐसा ही एक खौफनाक मामला सामने आया था, जहां रिश्ते की भाभी से शादी करने के लिए एक युवक ने उसके चार साल के मासूम बेटे को जमीन पर पटककर मार डाला था। यानी आगरा के इस मामले में वक्त रहते बच्चा सड़क पर आ गया वरना कोई बड़ी अनहोनी भी हो सकती थी।