Lift Scam Panchkula Haryana: हरियाणा के पंचकूला में लिफ्ट के बहाने लूटपाट करने वाले शादीशुदा कपल की कहानी सामने आई है. दोनों की मुलाकात एक गोशाला में हुई थी. बातचीत बढ़ी, फिर दोनों लिवइन में रहने लगे और बाद में परिवार की सहमति से शादी कर ली. इसके बाद नशे की लत ने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी. रोजाना नशे के लिए पैसों की जरूरत पड़ने लगी तो दोनों ने लोगों को जाल में फंसाकर लूटने का रास्ता अपना लिया. करीब चार महीने में उन्होंने 40 लोगों से लगभग 4 लाख रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए. हालांकि एक प्रवासी मजदूर की शिकायत ने उनके पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया.

कैथल के सोलू माजरा गांव निवासी बलवान पंचकूला के पिंजौर स्थित गोशाला में नौकरी करता था. उसने एक डॉक्टर से घायल और बीमार पशुओं के उपचार की ट्रेनिंग ली हुई थी और गोशाला में गायों का इलाज करता था. वह 12वीं तक पढ़ा है.
कुत्ते के इलाज के दौरान मुलाकात हुई
पिंजौर की हिमशिखा कॉलोनी निवासी सवनीत कौर 10वीं तक पढ़ी है. एक बार उसका कुत्ता बीमार हो गया तो वह इलाज के लिए गोशाला पहुंची. वहीं उसकी मुलाकात बलवान से हुई. इलाज के बहाने उसने बलवान का मोबाइल नंबर ले लिया.
18 जुलाई 2025 को शादी की: दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई, जो धीरेधीरे रिश्ते में बदल गई. दोनों पहले लिवइन में रहने लगे और 18 जुलाई 2025 को परिवार की सहमति से शादी कर ली. सवनीत कौर की पहले भी शादी हो चुकी है. उसका एक बेटा है, जो फिलहाल अपनी नानी के पास रहता है.
नशे की वजह से काम छूटा
पुलिस के अनुसार, सवनीत कौर चिट्टे का नशा करती थी. उसने बलवान को भी इसकी लत लगा दी. नशे की वजह से दोनों का काम छूट गया और हर दिन पैसों की जरूरत पड़ने लगी. इसी के बाद दोनों ने लोगों को फंसाकर पैसे ऐंठने की साजिश रची.
योजना के तहत सवनीत कौर पंचकूला और आसपास के इलाकों में बाइक या कार सवार युवकों से लिफ्ट मांगती थी. रास्ते में किराया नहीं होने की बात कहकर उनसे कुछ रुपए और मोबाइल नंबर ले लेती. अगले दिन मिलने के बहाने उन्हें बुलाया जाता. जब पीड़ित उससे मिलने पहुंचता तो बलवान वहां आकर खुद को उसका पति बताता और कहता कि उसकी पत्नी दो दिन से घर से गायब है. इसके बाद दोनों सामने वाले को ब्लैकमेल कर नकदी और ऑनलाइन पैसे ऐंठ लेते थे.
जितने पैसे ऐंठते, उतनी रकम ने नंबर सेव
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों जिस व्यक्ति को जितनी रकम का शिकार बनाते थे, उसका मोबाइल नंबर उसी राशि के साथ सेव कर लेते थे. दोनों करीब 40 लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं. लोकलाज के कारण किसी ने शिकायत नहीं की और करीब चार महीने में उनके खातों में लगभग 4 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर हुए.
20 जून 2026 को गिरफ्तार हुए
बलवान और सवनीत की गिरफ्तारी की वजह 20 जून 2026 की एक शिकायत बनी. शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह पंचकूला से अमरावती जा रहा था. रास्ते में एक महिला ने पिंजौर जाने के लिए लिफ्ट मांगी, जिसे उसने बाइक पर बैठा लिया. बाद में महिला ने ऑटो किराए के लिए 50 रुपए ऑनलाइन मंगवाए और कुछ देर बाद पैसे लौटाने के बहाने उसे ईशर नगर बुलाया.
ATM लेकिर 22 हजार रुपए निकाले
शिकायतकर्ता के मुताबिक, वहां बलवान पहुंचा और खुद को महिला का पति बताते हुए शिकायतकर्ता से कैश और ऑनलाइन पैसे की मांग करने लगा. दोनों उसे जबरन एटीएम ले गए और उसके खाते से 22 हजार रुपए निकलवा लिए. इसके बाद मोबाइल और बाइक भी छीन ली तथा उसे कार में बैठाकर लोहगढ़ क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए.
जांच अधिकारी बोले बलवान रिमांड पर
पिंजौर थाना के जांच अधिकारी ASI विक्रमजीत ने बताया कि बलवान फिलहाल पुलिस रिमांड पर है. उससे पूछताछ की जा रही है कि दोनों ने कितनी बार एक ही व्यक्ति को ब्लैकमेल किया. अभी तक इस मामले में कोई दूसरा शिकायतकर्ता सामने नहीं आया है. पुलिस ने दोनों के मोबाइल भी बरामद कर लिए हैं.



