Faridabad News: खबर दिल्ली से सटे फरीदाबाद के खेड़ी पुल थाना की है. यहां टीटू कॉलोनी में 10वीं कक्षा के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में भारी हंगामा और तनाव व्याप्त हो गया है. 15 वर्षीय छात्र का शव उसकी ही सहपाठी छात्रा के घर में फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित भीड़ ने मौके पर पहुंची पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम के साथ हाथापाई व मारपीट की.

यही नहीं, शव को लेने आई एंबुलेंस पर भी उग्र भीड़ ने हमला बोलकर भारी तोड़फोड़ की, जिससे एंबुलेंस चालक को भागकर अपनी जान बचानी पड़ी. मृतक छात्र और आरोपी पक्ष की लड़की दोनों एक ही स्कूल में 10वीं कक्षा के छात्र थे. घटना के बाद मृतक के परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है.

मृतक की मां पुष्पा और पिता भूषण चौधरी ने आरोप लगाया है कि लड़की के परिवार वालों ने उनके बेटे को साजिशन अपने घर बुलाया. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। इसके बाद उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और फिर हत्या कर शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया गया ताकि मामला आत्महत्या लगे.

एंबुलेंस चालक पर हमला और पुलिसकर्मियों से मारपीट

घटनास्थल पर शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने पहुंची एंबुलेंस और पुलिस बल को उग्र भीड़ के कोपभाजन का शिकार होना पड़ा. एंबुलेंस चालक महफूज ने बताया कि जब वे शव लेने पहुंचे तो गुस्साए लोगों ने उन पर अचानक हमला कर दिया. भीड़ ने एंबुलेंस में तोड़फोड़ शुरू कर दी, जिसके बाद उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई. भीड़ द्वारा की गई हाथापाई और पथराव में कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.

भारी पुलिस बल संग पहुंचे एसीपी राजीव कुमार, स्थिति नियंत्रित

मामले की संवेदनशीलता और बिगड़ते माहौल को देखते हुए एसीपी सेंट्रल राजीव कुमार भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे और कड़ी मशक्कत के बाद आक्रोशित भीड़ को समझाबुझाकर स्थिति को संभाला.

ACP सेंट्रल राजीव कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया खेड़ी पुल थाना क्षेत्र में 10वीं के छात्र का शव मिलने के बाद उग्र हुई भीड़ ने पुलिस टीम से हाथापाई की और एंबुलेंस में तोड़फोड़ की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फोरेंसिक टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.