झारखंड पुलिस कर रही दोनों मामलों की जांच.
Gumla/Jhansi News: झारखंड के दो अलग-अलग जिलों से दिल दहला देने वाली खबरें सामने आई हैं. एक ओर गुमला में बंद कमरे से बुजुर्ग दंपती के शव मिलने से हड़कंप मचा है. वहीं, राजधानी रांची में रिश्तों के कत्ल की एक ऐसी कहानी सामने आई है जिसने सबको झकझोर कर रख दिया है. पहला मामला गुमला जिला के सदर थाना क्षेत्र के दुंदुरिया का है. यहां इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक घर से पति-पत्नी के शव बरामद हुए. मृतकों की पहचान 62 वर्षीय विरसु तिर्की और 58 वर्षीय विरसी तिर्की के रूप में हुई है.
जानकारी के मुताबिक, सोमवार की रात खाना खाकर दंपति सोने गया था. मंगलवार सुबह देर तक दरवाजा न खुलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों को अचेत अवस्था में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत की गुत्थी सुलझ सके.
प्यार के चक्कर में बेटी बनी ‘जल्लाद’
राजधानी के डोरंडा थाना क्षेत्र में एक महिला की मौत का मामला जांच में मर्डर निकला. नाहिद परवीन नामक महिला की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी अपनी गोद ली हुई नाबालिग बेटी ने अपने प्रेमी अरबाज खान और उसके दोस्त समीर खान के साथ मिलकर की. आरोपी बेटी ने पहले इसे हादसा बताने की कोशिश की और कहानी गढ़ी कि उसकी मां बाथरूम में गिर गई थीं.
ये भी पढ़ें: झारखंड: दूल्हे को पहनाऊंगा चश्मा जिद करने लगा युवक, इनकार पर बारात आए युवक को पीट-पीटकर मार डाला
शक होने पर पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र खोदकर शव निकाला और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा. जांच में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने प्रेमी और उसके दोस्त को जेल भेज दिया है, जबकि नाबालिग बेटी को बाल सुधार गृह भेजा गया है.

