Delhi News: इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्रियों की आवाजाही को बेहद आसान बनाने के लिए चालक रहित स्वचालित एयर ट्रेन चलाने की तैयारी शुरू हो गई है. दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने ऑटोमेटेड पीपल मूवर परियोजना के लिए वैश्विक स्तर पर निविदा जारी कर दी है. करीब 7.3 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर के बनने से एयरपोर्ट के प्रमुख टर्मिनलों और व्यावसायिक क्षेत्रों के बीच यात्रियों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.

प्रस्तावित एयर ट्रेन कॉरिडोर की कुल लंबाई 7.3 किलोमीटर होगी, जिसमें से 5.3 किलोमीटर हिस्सा जमीन से ऊपर और लगभग 2 किलोमीटर हिस्सा जमीन के स्तर पर बनाया जाएगा. इसका उद्देश्य लगातार बढ़ते यात्री दबाव के बीच तेज और सुगम परिवहन उपलब्ध कराना है.
इस रूट पर कुल छह स्टेशन—टर्मिनल3, कार्गो टर्मिनल, डाउनटाउन एयरोसिटी, एयरोसिटी, हॉस्पिटैलिटी डिस्ट्रिक्ट और टर्मिनल1—प्रस्तावित हैं. परियोजना की बड़ी खासियत यह है कि टर्मिनल1, एयरोसिटी और टर्मिनल3 पर एयर ट्रेन का मौजूदा दिल्ली मेट्रो सेवाओं के साथ एकीकरण किया जाएगा, जिससे यात्रियों की सड़क मार्ग पर निर्भरता कम होगी.
तीन पैकेज में होगा निर्माण, 10 साल तक रखरखाव की जिम्मेदारी
DIAL ने इस परियोजना को तीन तकनीकी व निर्माण पैकेज में विभाजित किया है और तीनों में संबंधित एजेंसियों को 10 साल तक संचालन व रखरखाव की जिम्मेदारी संभालनी होगी.
पहला पैकेज: ट्रेन, ट्रैक, बिजली आपूर्ति और डिपो से जुड़े कार्य.
दूसरा पैकेज: सिग्नलिंग, ट्रेन नियंत्रण प्रणाली, दूरसंचार, संचालन नियंत्रण केंद्र, स्वचालित किराया संग्रह प्रणाली, प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर और सुरक्षा उपकरण.
तीसरा पैकेज: स्टेशन भवन, ट्रेन गाइडवे, डिपो निर्माण सहित सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और प्लंबिंग कार्य.
निविदा प्रक्रिया में कंपनियां अकेले या अधिकतम तीन सदस्यों के संयुक्त उद्यम के रूप में किसी एक या तीनों पैकेज के लिए बोली लगा सकती हैं.



