मध्य प्रदेश के दमोह में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां जमुनिया गांव में रहने वाली एक महिला अपने तीन बच्चों को लेकर कुएं में कूद गई. गनीमत रही कि इनमें से एक पांच वर्षीय बच्ची की बचा लिया गया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों बच्चों संग महिला के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं घटना में बालबाल बची बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस के मुताबिक मामला पथरिया थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव में मंगलवार की सुबह का है. यहां 28 वर्षीय महिला अपने तीन बच्चों के साथ कुएं में कूद गई. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों ने चारों को कुएं से बाहर निकाला और उनकी हालत को देखते हुए पथरिया अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने महिला और उसके दो बच्चों को मृत घोषित कर दिया. वहीं इस घटना में बालबाल पांच वर्षीय बच्ची को इलाज के लिए भर्ती कर लिया है.

पहले बच्चों का धक्का दिया, फिर कूदी

जानकारी के मुताबिक मृत महिला की पहचान मंजू पत्नी नेतराम उर्फ निजाम सिंह गौड़ के रूप में हुई है. मंगलवार सुबह करीब चार बजे मंजू अपने तीन बच्चों को लेकर घर से निकली और घर के पास स्थित कुएं पर जाकर उसने तीनों बच्चों को धक्का दे दिया. फिर वह खुद भी कुएं में कूद गई. करीब आधे घंटे बाद कुछ ग्रामीण कुएं पर पहुंचे तो अंदर से चीख पुकार की आवाज सुनाई दी. इसके बाद ग्रामीणों ने कुएं में से तीनों बच्चों और महिला को बाहर निकाला.

बच्ची ने बताई पूरी कहानी

अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मंजू के अलावा उसकी चार वर्षीय बेटी अन्नू तथा तीन वर्षीय बेटे अनुज को मृत घोषित कर दिया. वहीं जिंदा बची बच्ची आरुषि ने घटना की जानकारी दी. उसने बताया कि मां ने तीनों बच्चों को कुएं की मुड़ेर पर खड़ाकर धक्का दिया था. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। वहीं मंजू की सास अनूप रानी ने बताया कि परिवार के लोग दूसरे कमरे में सो रहे थे. उन्हें तो घटना के बाद जानकारी हुई. इसके बाद लोग मौके पर पहुंचे.

महिला ने क्यों उठाया ये कदम?

अनूप रानी ने बताया कि उनका बेटा मजदूरी करता है. घर में ऐसा कोई विवाद नहीं था, जिसकी वजह से मंजू को इतना बड़ा कदम उठाने की जरूरत हो. पास पड़ोस के लोगों ने भी पुलिस की पूछताछ में ऐसी कोई बात नहीं बताई, जिससे पुलिस की जांच को दिशा मिल सके. पथरिया थाना प्रभारी महेंद्र जगेत के मुताबिक शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है.

रिपोर्ट: रवि अग्रवाल, दमोह