लखनऊ के शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपी और बहुचर्चित मॉडल श्रद्धा दुबे 9 दिन बाद खुद मीडिया के सामने आ गई है. उसने एक मीडिया एजेंसी को बयान दिया है. इसमें उसने खुद को बेकसूर बताते हुए सवाल उठाया कि वह शिवा को क्यों मारेगी? वह तो उसका अपना बंदा था. श्रद्धा ने कहा कि शिवा पर कर्ज काफी हो गया था और वह डिप्रेशन में था.

न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उसने कहा कि इसी कर्ज की वजह से शिवा ने उसके फ्लैट से कूद कर जान दी है. उसने कहा कि खुद उसने शिवा को अपनी बालकनी से नीचे कूदते देखा है. वह चाहकर भी उसे बचा नहीं पायी. उधर, नौ दिन बाद भी श्रद्धा का सुराग जुटाने में विफल रही हजरतगंज थाना पुलिस पर गाज गिरनी शुरू हो गई है.
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
फिलहाल इस मामले में हजरतगंज कोतवाल विक्रम सिंह को लाइन हाजिर किया गया है. वहीं, लखनऊ मध्य के डीसीपी विक्रांत वीर को हटाकर डीजीपी मुख्यालय से संबंध कर दिया है. दरअसल, श्रद्धा दुबे लखनऊ में मीडिया को बयान देकर फिर से पुलिस से बचते हुए निकल गई जिसके बाद पुलिस की किरकिरी हुई. ऐसे में संभावना है कि जल्द ही कुछ अन्य पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी एक्शन हो सकता है.
शिवा की मां पर लगाए आरोप
श्रद्धा ने कहा कि शिवा उसका बंदा था. करीब चार महीने से दोनों साथ में थे. उसने शिवा शर्मा की मां पर झूठ बोलने का आरोप लगाया. कहा कि सभी आरोप बेबुनियाद हैं और उसे इस मामले में गलत तरीके से फंसाया गया है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। श्रद्धा ने कहा कि पुलिस ने बहराइच का वीडियो निकाल लिया, लेकिन उसकी सोसायटी की फुटेज अब तक नहीं निकाली. यदि सोसायटी की वीडियो सामने आए तो वह अपने आप निर्दोष साबित हो जाएगी.
लाखों के कर्ज में था शिवा
श्रद्धा ने कहा कि कुछ दिनों से शिवा आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था. उसके ऊपर सोलह से सत्रह लाख रुपये का कर्ज था. उसे लगातार तगादे आ रहे थे. ऐसे में उसने उससे भी कुछ रुपये उधार मांगे थे. श्रद्धा ने अपने घर से जेवर चोरी पर भी प्रतिक्रिया दी. कहा कि छह सात लाख के जेवर शिवा ने चुराए थे, लेकिन वीडियो में उसने वापस करने की भी बात कही थी. श्रद्धा ने कहा कि शिवा उसका बंदा था और यह जेवर चोरी का मामला उसका पर्सनल है.
भागने की वजह भी बताई
न्यूज एजेंसी से बात कराते हुए श्रद्धा ने फरारी की वजह भी बताई. कहा कि वह स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों और सदमे के कारण यहां से भागी थी. वह अपने ड्राइवर के साथ मारपीट और हत्या का आरोप लगते देखकर घबरा गई थी. उसकी बहन को भी बेवजह इस मामले में घसीटा गया, जबकि उसका इससे कोई वास्ता ही नहीं. श्रद्धा ने कहा कि उसकी तस्वीरें किसी के साथ होने का यह मतलब नहीं कि वह किसी अपराध में शामिल है.



