Share Market Crash: दलाल स्ट्रीट पर पिछले दो कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट का सिलसिला आज तीसरे दिन भी नहीं थमा. बाजार खुलते ही चारों तरफ बिकवाली का दबाव देखने को मिला. बीएसई का सेंसेक्स 667.85 अंक यानी 0.90 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 73,050.84 के स्तर पर आ गया. वहीं एनएसई का निफ्टी भी 247.90 अंक या 1.09 प्रतिशत टूटकर 22,562.45 के स्तर पर फिसल गया. निफ्टी ने अपना 22,600 का अहम स्तर खो दिया है. बाजार के शुरुआती कारोबार का हाल ये रहा कि कुल 1120 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि सिर्फ 684 शेयरों में ही तेजी देखने को मिली. वहीं 201 शेयर ऐसे रहे जिनमें कोई बदलाव नहीं हुआ. शुरुआती कारोबार में ही बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों की पूंजी ₹5 लाख करोड़ से अधिक कम हो गई .

पश्चिम एशिया के तनाव से बिगड़ा बाजार का मूड

भारतीय शेयर बाजार में आई इस गिरावट के पीछे सबसे बड़ा कारण पश्चिम एशिया में बढ़ता युद्ध है. इस जंग के तेज होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उबाल आ गया है. क्रूड ऑयल के दाम 110 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गए हैं. भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर तेल विदेशों से खरीदता है. ऐसे में कच्चे तेल के दाम बढ़ने से देश की अर्थव्यवस्था पर सीधा असर पड़ने का डर है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। तेल महंगा होने से देश में महंगाई बढ़ने की चिंताएं गहरा गई हैं. इसी डर की वजह से निवेशक बाजार से पैसा निकाल रहे हैं.

ऑटो से लेकर बैंकिंग तक सब लाल, सिर्फ आईटी ने संभाला

गुरुवार के कारोबार में बाजार में चौतरफा कमजोरी देखने को मिल रही है. ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं. ऑटो, मेटल, एफएमसीजी, फार्मा, सीमेंट के साथ केमिकल शेयरों में भारी बिकवाली का दबाव है. इसके अलावा फाइनेंशियल सर्विसेज, बैंकिंग इंडेक्स भी दबाव में हैं. रियल्टी, हेल्थकेयर, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर के शेयर भी नीचे लुढ़क गए हैं. हालांकि इस चौतरफा गिरावट के बीच आईटी ही एकमात्र ऐसा सेक्टर है जो मजबूती के साथ खड़ा है. बाजार के नकारात्मक रुख के उलट आईटी सेक्टर में हल्की बढ़त देखने को मिल रही है.

इन दिग्गज शेयरों में हुई सबसे ज्यादा हलचल

निफ्टी पर आज कई बड़ी कंपनियों के शेयरों में तेज गिरावट दर्ज की गई. सबसे ज्यादा टूटने वाले शेयरों में हिंडाल्को, पावर ग्रिड कॉर्प, महिंद्रा एंड महिंद्रा , टाटा स्टील के अलावा श्रीराम फाइनेंस शामिल रहे. इन शेयरों में बिकवाली ने बाजार को नीचे खींचने में बड़ी भूमिका निभाई. दूसरी तरफ आईटी सेक्टर की मजबूती का असर उसके शेयरों पर भी दिखा. इस गिरते बाजार में भी इंफोसिस के साथ टेक महिंद्रा के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली, जिसने निवेशकों को थोड़ी राहत दी.

दुनिया भर के बाजारों में भी हाहाकार

सिर्फ भारतीय बाजार ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के शेयर बाजारों में आज कमजोरी का माहौल है. एसएंडपी 500 फ्यूचर्स 0.5 प्रतिशत गिर गया. एशियाई बाजारों में सबसे बुरा हाल हांगकांग के हैंग सेंग इंडेक्स का रहा, जो 2.6 प्रतिशत तक टूट गया. चीन का शंघाई कंपोजिट भी 1.3 प्रतिशत नीचे आ गया. इसके अलावा जापान के टॉपिक्स इंडेक्स में 0.3 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी/एएसएक्स 200 इंडेक्स 0.4 प्रतिशत लुढ़क गया. यूरोप के बाजारों का रुख दिखाने वाला यूरो स्टॉक्स 50 फ्यूचर्स भी 0.6 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करता दिखा. दुनिया भर के बाजारों से मिल रहे इन कमजोर संकेतों ने भारतीय बाजार की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं.