SIP Investment: 20 साल की उम्र में जब किसी युवा की पहली नौकरी लगती है, तो उसके सामने कई तरह के खर्च खड़े होते हैं. घर चलाने की जिम्मेदारी, ईएमआई का बोझ और रोजमर्रा की जरूरतों के बीच नौकरीपेशा लोगों को बड़ा रिटायरमेंट फंड तैयार करना अक्सर नामुमकिन लगता है. लेकिन अगर वही युवा अपनी सैलरी से हर महीने 12750 रुपये निकालकर इक्विटी म्यूचुअल फंड की SIP में डालना शुरू करे और 60 साल की उम्र तक इस नियम को न तोड़े, तो रिटायरमेंट के दिन उसके हाथ में 15 करोड़ रुपये का बड़ा फंड हो सकता है. पहली नजर में ये किसी सपने जैसा लग सकता है, लेकिन इसके पीछे कंपाउंडिंग का सीधा गणित काम करता है. लंबे समय के निवेश में तीन बातें सबसे ज्यादा मायने रखती हैं. आप निवेश कितनी जल्दी शुरू करते हैं, हर महीने कितनी रकम लगाते हैं और समय के साथ आपको उस पर कितना रिटर्न मिलता है.

40 साल में 61 लाख कैसे बनते हैं 15 करोड़

निवेश के इस पूरे हिसाब को आसान तरीके से समझा जा सकता है. मान लीजिए कोई व्यक्ति 20 साल की उम्र में इक्विटी म्यूचुअल फंड में हर महीने 12750 रुपये की SIP शुरू करता है. वो बिना रुके 60 साल की उम्र तक यानी पूरे 40 साल निवेश जारी रखता है. इस कैलकुलेशन में सालाना 12% रिटर्न का अनुमान लगाया गया है, जिसे हर महीने 1% की बढ़त के आधार पर जोड़ा गया है.

इन 40 सालों के दौरान निवेशक अपनी जेब से कुल 61.20 लाख रुपये जमा करेगा. इस रकम पर अनुमानित कमाई करीब 14.39 करोड़ रुपये होगी. इस तरह मूल रकम और कमाई को मिलाकर कुल फंड 15 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है. इसका सीधा मतलब ये है कि एक करोड़ रुपये से भी कम पैसा लगाकर 15 करोड़ रुपये का बड़ा फंड खड़ा किया जा सकता है. हालांकि ये हिसाब इस बात पर टिका है कि पूरे 40 साल तक रिटर्न एक जैसी रफ्तार से मिलता रहे. असल जिंदगी में म्यूचुअल फंड का रिटर्न शेयर बाजार के उतारचढ़ाव से जुड़ा होता है और इसमें किसी तय रिटर्न की गारंटी नहीं होती.

कंपाउंडिंग का जादू कैसे बढ़ाता है पैसा

लंबे समय के निवेश में असली खेल कंपाउंडिंग का होता है. इसमें निवेशक को सिर्फ अपनी लगाई गई रकम पर ही रिटर्न नहीं मिलता, बल्कि पहले से मिल चुके रिटर्न पर भी कमाई होने लगती है. इसे एक छोटे पौधे के उदाहरण से समझा जा सकता है. शुरुआती सालों में पौधा बेहद धीरे बढ़ता है, लेकिन कुछ साल बाद वही तेजी से फैलकर एक बड़ा पेड़ बन जाता है.

निवेश के शुरुआती सालों में फंड छोटा होने के कारण बढ़त काफी धीमी नजर आती है. उस समय निवेशक को अपने पैसे में मामूली बदलाव ही दिखता है. लेकिन जैसेजैसे वक्त गुजरता है और फंड का आकार बड़ा होता जाता है, उस पर मिलने वाला रिटर्न भी कहीं ज्यादा बड़ा होने लगता है. 20 से 30 साल बाद कुल फंड में कंपाउंडिंग से बनी रकम का हिस्सा काफी बड़ा हो जाता है. यही वजह है कि लॉन्ग टर्म निवेश में समय को सबसे बड़ा हथियार माना जाता है.

देरी करने या रिटर्न घटने पर कितना बढ़ता है बोझ

हर किसी के लिए 20 साल की उम्र में निवेश शुरू करना मुमकिन नहीं होता. अगर कोई 25 या 30 साल की उम्र में शुरुआत करता है, तो 60 साल तक 15 करोड़ रुपये जुटाने के लिए उसे हर महीने काफी बड़ी रकम लगानी होगी. सालाना 12% रिटर्न के आधार पर देखें तो 20 साल की उम्र में शुरू करने वाले को 40 साल मिलते हैं और उसे हर महीने 12750 रुपये लगाने होते हैं. 25 की उम्र में शुरुआत करने पर 35 साल बचते हैं और मासिक SIP बढ़कर 23325 रुपये हो जाती है. 30 की उम्र में 30 साल का वक्त मिलता है और हर महीने 42920 रुपये जमा करने पड़ते हैं. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। वहीं 35 साल की उम्र में शुरू करने पर सिर्फ 25 साल मिलते हैं और हर महीने की SIP 79840 रुपये तक पहुंच जाती है. ये आंकड़े साफ दिखाते हैं कि निवेश सिर्फ 5 साल टालने से भी हर महीने की जरूरी रकम में भारी उछाल आ जाता है.

दूसरी तरफ, रिटर्न की दर घटने पर भी पूरा समीकरण बदल जाता है. बाजार के हालात के हिसाब से रिटर्न उम्मीद से कम रह सकता है. 40 साल में 15 करोड़ रुपये जोड़ने के लिए 12% सालाना रिटर्न पर 12750 रुपये की SIP काफी है. लेकिन अगर रिटर्न घटकर 10% रह जाए, तो इसी लक्ष्य के लिए हर महीने 23720 रुपये लगाने होंगे. अगर रिटर्न 8% पर आ जाए, तो हर महीने 42970 रुपये की SIP करनी पड़ेगी. सालाना रिटर्न में छोटा सा अंतर भी आखिरी फंड पर बड़ा असर डालता है.

क्या 40 साल बाद 15 करोड़ काफी होंगे

बड़े फंड का हिसाब लगाते समय महंगाई को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. समय के साथ रहनसहन का खर्च बढ़ता है और पैसे की कीमत कम होती जाती है. अगर औसत महंगाई हर साल 6% मान ली जाए, तो 40 साल बाद मिलने वाले 15 करोड़ रुपये की खरीदने की ताकत आज के करीब 1.46 करोड़ रुपये के बराबर ही होगी. यानी आज जो सामान 1.46 करोड़ रुपये में खरीदा जा सकता है, 40 साल बाद उसके लिए करीब 15 करोड़ रुपये खर्च करने पड़ेंगे. इसलिए निवेशकों को सिर्फ बड़े आंकड़ों को देखकर खुश होने के बजाय भविष्य के खर्चों के हिसाब से अपनी रिटायरमेंट की जरूरत तय करनी चाहिए.

निवेशकों के लिए सबसे बड़ी सीख यही है कि जितनी जल्दी शुरुआत होगी, रिटायरमेंट प्लानिंग उतनी ही आसान बनेगी. जो लोग शुरुआत में बड़ी SIP नहीं कर सकते, वे अपनी आमदनी बढ़ने के साथ हर महीने की रकम धीरेधीरे बढ़ा सकते हैं. इक्विटी म्यूचुअल फंड में बाजार का जोखिम हमेशा बना रहता है. आखिरी फंड कितना बनेगा, ये असल रिटर्न, निवेश के अनुशासन और बाजार की स्थिति पर निर्भर करता है. 15 करोड़ रुपये वाला ये हिसाब सिर्फ समझाने के लिए है और इसमें टैक्स या दूसरे खर्च नहीं जोड़े गए हैं.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.