Tamil Nadu News: तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले से एक अत्यंत हृदयविदारक घटना सामने आई है. यहां अपने घर के बाहर हमेशा की तरह खेल रहा एक डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चा गलती से भूमिगत पानी की टंकी में गिर गया. टंकी का ढक्कन सही तरीके से बंद न होने के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें पानी में डूबने और दम घुटने से बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई. इस दुखद दुर्घटना के बाद से परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोयंबटूर के रत्नागिरी के पास स्थित वाउसी नगर निवासी वेणुगोपाल और उनकी पत्नी कलाइवानी का डेढ़ साल का एक बेटा था, जिसका नाम धनवंत था. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। सोमवार को छोटा धनवंत अपने घर के सामने बने आंगन वाले हिस्से में खेल रहा था.

इसी दौरान खेलतेखेलते वह घर के भूतल पर बनी पानी की भूमिगत टंकी के पास चला गया. टंकी के ऊपर लोहे की टिन प्लेट रखी हुई थी, लेकिन वह ठीक से ढकी या बंद नहीं थी. जैसे ही बच्चा उसके ऊपर चढ़ा, टिन की प्लेट खिसक गई और मासूम सीधे पानी से भरी टंकी के अंदर जा गिरा.

ढूंढते हुए पहुंचे परिजन, टंकी में बेहोश मिला बच्चा

काफी देर तक जब बच्चे की आवाज आनी बंद हो गई, तो मातापिता को अनहोनी की शंका हुई. वे तुरंत बाहर निकले, लेकिन धनवंत आसपास कहीं नजर नहीं आया. घबराए परिजन चीखनेचिल्लाने लगे, जिसके बाद आसपास के पड़ोसी एकत्र हो गए और सभी मिलकर मासूम की तलाश करने लगे. खोजबीन के दौरान जब परिजनों की नजर पानी की टंकी पर पड़ी, तो उनके होश उड़ गए. छोटा धनवंत टंकी के अंदर अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था.

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, पुलिस जांच जारी

परिजन और पड़ोसी तुरंत मासूम को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल भागे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद ही बच्चे को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर रत्नागिरी पुलिस स्टेशन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. पिता वेणुगोपाल की शिकायत के आधार पर रत्नागिरी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और लापरवाही व अन्य पहलुओं के आधार पर आगे की जांच कर रही है.