Jabalpur News: फेसबुक पर हुई फ्रेंडशिप… 6 साल तक दुबई में लिवइन रिलेशनशिप… फिर जबलपुर के गुरुद्वारे में धूमधाम से शादी… किसी फिल्मी कहानी जैसी लगने वाली यह लव स्टोरी अब पुलिस थाने की दहलीज तक पहुंच गई है. दुबई में एक बहुराष्ट्रीय आईटी कंपनी में कंट्री हेड के पद पर कार्यरत अश्विंदर कौर अपने पति सुनील ठाकुर को तलाशते हुए दुबई से जबलपुर पहुंची हैं.

पत्नी का आरोप है कि भारत लौटने के बाद पति ने उनसे दूरियां बना लीं, बातचीत बंद कर दी और अब ससुराल वाले उनका दहेज, नकदी व गहने वापस नहीं कर रहे हैं. इस मामले में जबलपुर के गोहलपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है.

फेसबुक से शुरू हुई थी 6 साल पुरानी लव स्टोरी

अश्विंदर कौर के अनुसार, उनकी और जबलपुर के त्रिमूर्ति नगर निवासी सुनील ठाकुर की मुलाकात अक्टूबर 2020 में फेसबुक के माध्यम से हुई थी. दोस्ती बढ़ने के बाद सुनील 9 नवंबर 2020 को दुबई आ गए और दोनों वहीं साथ रहने लगे. करीब 6 साल तक लिवइन में रहने के बाद 23 फरवरी 2025 को दोनों ने जबलपुर के सिविक सेंटर स्थित गुरुद्वारे में परिजनों की मौजूदगी में शादी कर ली. अश्विंदर का कहना है कि उन्होंने शादी से पहले ही अपनी उम्र, अपनी पिछली दो शादियों और पारिवारिक पृष्ठभूमि के बारे में सुनील को सब कुछ बता दिया था.

4.5 लाख बनाम 55 हजार की सैलरी और पैसों का विवाद

पीड़िता का आरोप है कि उनके और पति के बीच आर्थिक स्थिति में बड़ा अंतर था. वह दुबई में हर महीने करीब 4.5 लाख रुपये कमाती हैं, जबकि उनके पति की आय महज 55 हजार रुपये के आसपास थी. अश्विंदर का दावा है कि जब तक वह पति की आर्थिक मदद करती रहीं, तब तक सब ठीक रहा. लेकिन जब उनकी अपनी आर्थिक स्थिति थोड़ी बिगड़ी और वह पति की अनगिनत मांगें पूरी करने में असमर्थ हुईं, तो रिश्तों में कड़वाहट आने लगी.

31 जुलाई 2026 को भारत आए, फिर गायब हो गया पति

घटनाक्रम के मुताबिक, 31 जुलाई 2026 को दोनों दुबई से एक साथ भारत के लिए रवाना हुए थे. 1 अगस्त को फ्लाइट भारत पहुंची, जिसके बाद सुनील अपने मामा के घर चले गए और फिर वहां से जबलपुर आ गए. इसके बाद सुनील ने अपनी पत्नी का फोन उठाना बंद कर दिया.

पति को ढूंढते हुए अश्विंदर मुंबई से जबलपुर और फिर सतना पहुंचीं. 4 अगस्त को सतना में पति के जीजा की दुकान पर सुनील को बुलाया गया, लेकिन उसने साथ रहने से साफ इनकार कर दिया. पत्नी का आरोप है कि पति की मां ने कसम दी है कि वह उनके साथ न रहे.

गोहलपुर थाने में मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

अपने साथ हुई धोखाधड़ी, मानसिक उत्पीड़न और बदनामी के बाद अश्विंदर ने जबलपुर के गोहलपुर थाने पहुंचकर पति सुनील ठाकुर और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज, गहने व नकदी हड़पने की शिकायत दर्ज कराई.

गोहलपुर थाना प्रभारी रीतेश पांडेय ने बताया कि पीड़िता मूल रूप से मुंबई की रहने वाली हैं और दुबई में नौकरी करती हैं. पति गोहलपुर के त्रिमूर्ति नगर का निवासी है. आपसी विवाद के चलते पति पत्नी को घर में प्रवेश नहीं दे रहा था. शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस सभी कानूनी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है.

ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं।